ईटानगर, 8 दिसंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय ने साेमवार काे डॉ. सोयम पोटोम द्वारा लिखित अंग्रेजी उपन्यास मरणोपरांत तोजो के पिता का निर्वाण का आधिकारिक विमोचन किया गया। इस उपन्यास का उपशीर्षक ‘फ्रांसीसी महिला’ है और यह द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान चीन-बर्मा-भारत क्षेत्र में हुई महत्वपूर्ण घटनाएं जैसे ‘हंप ऑपरेशन’ और ‘स्टिलवेल रोड’ पर आधारित है।

विमोचन समारोह नाहरलागुन स्थित निदेशक आईपीआर के कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसमें निदेशक गिजुम ताली, उप निदेशक डेंगा बेंगिया समेत अन्य अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। निदेशक गिजुम ताली ने डॉ. पोटोम का स्वागत करते हुए उनके व्यस्त चिकित्सकीय जीवन के बावजूद साहित्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. पोटोम जैसे युवा लेखक नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं कि वे भी अपनी कहानियां लिखें और साझा करें।

डॉ. सोयम पोटोम ने अपने उपन्यास में स्थानीय भाषा गालो के मुहावरे और कहावतों को शामिल कर एक प्रामाणिक स्थानीय रंग भरने का प्रयास किया है। उपन्यास की कथा 1855 में फ्रांसीसी मानवविज्ञानी के यात्रा-पत्र से शुरू होकर 1940 के दशक से होते हुए वर्तमान अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है। यह रचना इतिहास, रहस्य, रोमांच और हास्य का अद्भुत मिश्रण प्रस्तुत करती है।
डॉ. पोटोम, जो राज्य स्वास्थ्य सेवा में कार्यरत हैं, अरुणाचल प्रदेश के वेस्ट सियांग जिले के सुदूर दारक सर्कल से संबंध रखते हैं। निदेशक गिजुम ताली ने उन्हें आगामी अरुणाचल साहित्य महोत्सव में भाग लेने के लिए भी आमंत्रित किया और अरुणाचल साहित्यिक सोसायटी के जिला-स्तरीय कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने के सुझाव दिए।————–
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
