भुवनेश्वर, 18 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देब्रीगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में बाइसन की आबादी में एक वर्ष के भीतर 28 प्रतिशत की वृद्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि वन्यजीव प्रेमियों और संरक्षणकर्ताओं के लिए बेहद उत्साहजनक है।
सोशल मीडिया पर अपने संदेश में मंत्री ने इसे अभयारण्य में किए जा रहे सटीक और निरंतर संरक्षण प्रयासों की बड़ी सफलता बताया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए वन विभाग, संरक्षण से जुड़े अधिकारियों और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को सराहा।
धर्मेंद्र प्रधान ने इस सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे जैव विविधता और वनों की सुरक्षा के प्रयासों का भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियों के साथ देब्रीगढ़ वन्यजीव अभयारण्य अब देश में संरक्षण का एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
