भुवनेश्वर, 18 जनवरी (हि.स.)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को भविष्यवाणी की है कि ओडिशा के विभिन्न जिलों में अगले तीन से चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।

भुवनेश्वर स्थित आईएमडी के क्षेत्रीय केंद्र ने कहा कि राज्य में 25 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, कटक, खुर्दा, पुरी, जगतसिंहपुर और केंद्रपाड़ा जिलों में 21 जनवरी तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है।
आईएमडी ने यह भी बताया कि पिछले 24 घंटों में अनुगुल और झारसुगुड़ा जिलों के एक-दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई, जो 19 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर जारी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस परलाखेमुंडी (गजपति जिला) में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस फूलबानी (कंधमाल जिला) में दर्ज हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
