नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में लगातार मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में जिले की एएटीएस और थाना पुल प्रह्लादपुर की टीम ने आरोपित के पास से छह मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक और .32 बोर की पिस्टल के साथ एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ के दौरान चार खोखे भी मौके से मिले हैं।

दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवार ने शनिवार काे प्रेस वार्ता कर बताया कि 23 जनवरी की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि एक कुख्यात झपटमार एमबी रोड स्थित छठ घाट पार्क के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर महिंदर प्रताप और एएटीएस की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध बाइक सवार भागने लगा, इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन राउंड फायर किए, जिसके बाद आरोपित को दबोच लिया गया। किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान पुल प्रह्लादपुर निवासी सतीश भाटी (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और छह लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपित के बयान व उसकी निशानदेही पर उसके साथी अभिषेक (20) को दबोचा। दोनों के खिलाफ थाना पुल प्रह्लादपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया है कि सतिश भाटी पहले भी आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रहा है और हाल के दिनों में दक्षिण-पूर्वी जिले के कई इलाकों में मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में उसकी भूमिका रही है। बरामद मोबाइल फोन में से तीन को विभिन्न थानों में दर्ज मामलों से जोड़ा जा चुका है, जिनमें पुल प्रह्लादपुर, कालकाजी, अमर कॉलोनी और ओखला थाना क्षेत्र शामिल हैं। शेष मोबाइल फोन की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपित डराने-धमकाने की प्रवृत्ति के हैं और मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे। आगे की जांच में इनके अन्य मामलों में शामिल होने की भी आशंका जताई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
