देहरादून, 24 जनवरी (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं को कठिन परिश्रम के साथ आगे बढ़ने को प्रेरित किया।

कुलपति ने डॉ अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें लक्ष्य-निर्धारण, अनुशासन और सतत परिश्रम के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। प्रो सिंह ने कहा कि सफलता से आपका परिवार ही नहीं बल्कि आपका गांव, क्षेत्र और समाज भी प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि डॉ अम्बेडकर उत्कृष्टता केंद्र समाज के वंचित वर्गों के विद्यार्थियों के लिए सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां से निकलकर विद्यार्थी प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान दे सकते हैं।
कुलपति के साथ केंद्र के समन्वयक प्रो एमएम सेमवाल, चौरास परिसर निदेशक प्रोफेसर आरएस नेगी, प्रो आरएस फर्तत्याल आदि भी उपस्थित रहे। केंद्र के शिक्षक डॉ प्रकाश कुमार सिंह, डॉ आशीष बहुगुणा व डॉ. अरविंद सिंह रावत भी उपस्थित रहे। अंत में प्रोफेसर एमएम सेमवाल ने कुलपति प्रोफेसर प्रकाश सिंह का आभार प्रकट किया।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल
