तिलौथू/रोहतास
प्रखंड के सरस्वती विद्या मंदिर, तिलौथू में गुरुवार को दोपहर क़रीब एक बजे एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब विद्यालय का संपूर्ण संचालन छात्राओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर एक दिन के लिए प्रधानाचार्य का दायित्व बहन रूपाली ने संभाला, जबकि उप प्रधानाचार्य की भूमिका रिया रानी ने निभाई। वंदना सभा में बहन रूपाली एवं बहन रिया को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय कार्यालय में शुल्क संकलन एवं नामांकन संबंधी कार्य बहन पलक एवं अदिति ने कुशलतापूर्वक संपन्न कराए। शिक्षण प्रमुख के रूप में सुप्रिया एवं निशि ने पठन-पाठन को सुचारू रूप से संचालित किया। वहीं सेनापति का दायित्व स्वर्णिका सिंह एवं आराधना सिंह ने दृढ़ता से निभाया।
आराध्या, श्रेया, वैष्णवी, भावना, कृतिका, वंदना प्रिया, साक्षी, पंखुड़ी, वर्षा, अदिति एवं साक्षी मौर्य ने विभिन्न विषयों को विद्या भारती की पंचपदी अध्यापन शैली में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिन्हा ने छात्राओं के कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका संगीता आचार्य एवं अनुप्रिया भारती के नेतृत्व में हुआ।
