पश्चिमी सिंहभूम, 24 जनवरी (हि.स.)। जिले के कोल्हान वन क्षेत्र से जंगली कोटरा (बार्किंग डियर) को पकड़ने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को पुराना गोइलकेरा निवासी दुलमु कोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। छापेमारी के दौरान आरोपित के घर से जंगली कोटरा का कटा हुआ सिर, मांस के टुकड़े, बाल और हत्या में प्रयुक्त लोहे के औजार बरामद किया गया है।

वन विभाग ने बरामद पशु अवशेषों का पंचनामा गोइलकेरा स्थित कोल्हान फॉरेस्ट रेंज कार्यालय में किया। इसके बाद जंगली कोटरा की पुष्टि के लिए मांस के सैंपल को सील कर स्टेट फोरेंसिक लैब रांची भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहीं आरोपित के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कोल्हान वन क्षेत्र पदाधिकारी राम नंदन राम ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि पुराना गोइलकेरा के पास एक जंगली कोटरा को जाल में फंसाकर मार दिया गया है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपित के घर से कोटरा के अवशेष बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि जंगली कोटरा को बार्किंग डियर भी कहा जाता है और यह प्रजाति कोल्हान के जंगलों में अक्सर देखी जाती है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मांस के लिए इस जंगली पशु का शिकार किया गया।
पशु चिकित्सा पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि पंचनामा के बाद मांस के सैंपल को सील कर दिया गया है, जिसे अदालत में प्रस्तुत करते हुए फॉरेंसिक जांच के लिए रांची भेजा जाएगा। वहीं गिरफ्तार आरोपित दुलमु कोड़ा ने पूछताछ में बताया कि उसके बागान में बकरियां घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाती थीं। बकरियों को रोकने के लिए उसने जाल लगाया था, जिसमें जंगली कोटरा फंस गया। बाद में कुछ लोगों के कहने पर उसने मांस खाने के लिए कोटरा को मार दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
