हाथरस, 24 जनवरी (हि.स.)। तहसील परिसर स्थित उप जिलाधिकारी कार्यालय में शनिवार को एसडीएम मनीष चौधरी की अध्यक्षता में एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की जनसुनवाई हुई। इस दौरान मतदाता सूची से संबंधित मामलों को सुना गया और अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, खंड विकास कार्यालय में भी खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार ने अलग से जनसुनवाई आयोजित की। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों से आए मतदाताओं की समस्याओं का समाधान किया गया। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि रविवार को सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मतदाताओं को मतदान प्रतिशत बढ़ाने की शपथ दिलाएंगे। प्रत्येक बूथ पर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया जाएगा। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में किसी भी त्रुटि को समय रहते सुधारना है।
एसडीएम ने यह भी बताया कि मतदाता सूची सभी के सामने पढ़ी जाएगी और नए मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो रही है, उनके लिए फार्म-6 भरवाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अधिक से अधिक लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकें। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों में भाग लें और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक बनें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
