देहरादून, 25 जनवरी 2026 (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह दिवस संविधान निर्माण का महापर्व है और हमें इसके आदर्शों के अनुसार न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प और देवभूमि उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लक्ष्य में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से लाखों लोगों को लाभान्वित करने का जिक्र किया।
धामी ने राज्य में धार्मिक पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने, चारधाम यात्रा की सुविधाओं के सुधार, कुमाऊँ मंडल में मानसखण्ड मंदिर माला मिशन और शीतकालीन यात्रा जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने उद्योग, निवेश, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए किए गए नीतिगत सुधारों और राज्य की निर्यात सफलता की नीति आयोग की ओर से सराहना को उजागर किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कठोर नकल-विरोधी कानून लागू किया गया, धर्मांतरण रोका गया और सरकारी भूमि के अतिक्रमण को हटाया गया। उन्होंने महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण, भूमि विवादों का त्वरित निस्तारण और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
