जोधपुर 25 जनवरी (हि.स.)। राज्य वृक्ष खेजड़ी काटने पर एक लाख जुर्माना और तीन साल की सजा का प्रावधान करने की मांग को लेकर रविवार को शहर में पर्यावरण प्रेमियों ने सद्बुद्धि यज्ञ किया। नई सडक़ चौराहा पर राजीव गांधी की प्रतिमा के पास आयोजित यज्ञ में विश्नोई समाज के लोगों के साथ ही पर्यावरण प्रेमियों ने भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि सरकार ने मांगें नहीं मानी तो दो फरवरी से बीकानेर में आंदोलन होंगे।

अखिल भारतीय विश्नोई कमांडो फोर्स के अध्यक्ष पुखराज खेड़ी ने बताया कि फोर्स की अगुवाई में यज्ञ का आयोजन किया गया है। दो फरवरी को बीकानेर में महापड़ाव से पहले यह आयोजन किया गया है, जिससे सरकार इस विषय पर गौर कर कानून में बदलाव करे। खेड़ी ने बताया कि खेजड़ी की उम्र 50 साल से ज्यादा होती है, लेकिन सोलर इंडस्ट्रीज इनको काट रही हैं। कम मुआवजा से संरक्षण नहीं हो सकता।
एडवोकेट शारदा विश्नोई ने बताया कि सरकार ने कानून में बदलाव कर सिर्फ एक हजार रुपए जुर्माना किया है। यह बहुत कम है। कम से कम एक लाख रुपए करने की मांग पर्यावरण प्रेमी कर रहे हैं। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि खेजड़ी मारवाड़ की रक्षाकवच है। इसके काटने पर जुर्माना एक लाख रुपए तक करना चाहिए। कम जुर्माने में तो कोई भी काटने लग जाएगा। खास तौर से सोलर कंपनियां इस जुर्माने को भर देंगीं। खेजड़ी का संरक्षण नहीं हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
