बादशाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम, 25 जनवरी (हि.स.)। यहां अरावली की श्रृंखला में लेपर्ड ट्रेल से अपने दोस्त के साथ जा रही एक युवती का अपहरण करके उससे दुष्कर्म का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि पीड़िता एक रियल एस्टेट कंपनी में नौकरी करती है। इस मामले में बादशाहपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी अनुसार मूलरूप से सिरसा की रहने वाली एक युवती गुरुग्राम में एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करती है। यहां वह एक पीजी में रहती है। रविवार की अलसुबह युवती अपने बिहार मूल के दोस्त के साथ किसी इवेंट से लौट रही थी। रास्ते में दोनों घूमने के इरादे से लेपर्ड ट्रेल पर कुछ देर रुक गए।
सुबह करीब तीन बजे रास्ते में अरावली की पहाड़ियों पर एक युवक उसका मोबाइल छीन कर पहाड़ियों की तरफ भाग गया। युवती उसके पीछे भागी तो युवक ने उसका अपहरण कर लिया। इस दौरान उसे दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
युवती के दोस्त ने मदद की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे धमकी दी। तुरंत पुलिस को कॉल कि गई। इस सूचना पर बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया और आरोपी गौरव को उसके गांव पंडाला स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं, जिसमें मोबाइल और अन्य सामग्री शामिल है।
बादशाहपुर थाना प्रभारी विजयपाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म के प्रयास की धारा में एफआईआर दर्ज कर कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
