भोपाल, 26 जनवरी (हि.स.)। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सोमवार को राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय परिसर में मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को नमन किया और संविधान, लोकतंत्र एवं देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, एआईसीसी सचिव कुणाल चौधरी, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार तथा सेवादल, एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ध्वजारोहण उपरांत उमंग सिंघार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ झण्डावंदन कर मिठाई वितरित की और गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि संविधान ही भारत की आत्मा है और इसकी रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसे समय में लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों को और अधिक मज़बूत करने की आवश्यकता है।
उमंग सिंघार ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से यह लड़ाई जारी रखेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
