औरैया, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित तिरंगा मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें आमजन की भारी उपस्थिति देखने को मिली।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। परेड में पुलिस बल, महिला पुलिस बल एवं एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट कर उपस्थित जनसमूह को गौरवान्वित किया। परेड की एकरूपता और अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने झंडा फहराया और परेड की सलामी ली। इसके उपरांत उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर थीम पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं हनुमान चालीसा के साथ योग प्रदर्शन ने देशभक्ति और अध्यात्म का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। संपूर्ण समारोह राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश देता नजर आया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
