भागलपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। जिले भर में 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में आयोजित किया गया।

इस मौके पर बिहार सरकार के पथ निर्माण एवं उद्योग मंत्री सह भागलपुर के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी। समारोह के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली गई। जिनके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया। वहीं परेड में पुलिस और अन्य बलों के जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर विधायक रोहित पांडे, नगर निगम महापौर डॉ. वसुंधरा लाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
झंडोत्तोलन के बाद मंत्री दिलीप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार और बिहार सरकार भागलपुर समेत पूरे राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर शहरवासियों को शुभकामनाएं दीं और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
