

कांग्रेस भवन में मनरेगा कर्मी ने फहराया तिरंगा, अध्यक्ष ने दिया भाषण

हिसार, 26 जनवरी (हि.स.)। जिले भर में विभिन्न संस्थानों में गणतंत्र दिवस
धूमधाम से मनाया गया। अतिथियों ने तिरंगा झंडा फहराया और शहीदों को याद किया। कार्यक्रम
में विद्यार्थियों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।
जिला कांग्रेस जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन में भारतीय राष्ट्रीय
कांग्रेस के सेवा दल के विधि विधान के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम
की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने की। इस अवसर पर विशेष
रूप से पातन गांव से मनरेगा में काम करने वाली रीना देवी ने राष्ट्रीय झंडा फहराया।
अपने संबोधन में ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृज लाल बहबलपुरिया ने कहा
कि गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि संविधान
गरीब, किसान और मजदूर के अधिकारों की रक्षा की गारंटी देता है और कांग्रेस पार्टी हमेशा
लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर संसद तक आवाज उठाती रहेगी। कार्यक्रम में अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों
के प्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतबीर सिंह सांगा ने तिरंगा झंडा फहराया और तिरंगे को
सलामी दी। नगर निगम कार्यालय के प्रांगण में निगमायुक्त नीरज ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की और तिरंगा फहराया। राजकीय महाविद्यालय मंगाली में सोमवार को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम का आयोजन
किया गया। महाविद्यालय प्रांगण में प्राचार्या प्रो. अंजू चौधरी ने राष्ट्रीय
ध्वज फहराया। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले भर में एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह,
अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के साथ कार्यक्रमों में भाग लेकर समारोहों को गरिमा प्रदान
की। महावीर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस परेड में थर्ड हरियाणा गर्ल्स
बटालियन एनसीसी कैडेट्स ने सशक्त कदमताल, सुसंगठित ड्रिल और उत्कृष्ट अनुशासन का प्रदर्शन
करते हुए दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
