नई दिल्ली, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिले में अपराध पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन कवच 12.0 के तहत 24 घंटे में बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। जिले की विभिन्न टीमों ने कुल 170 छापेमारी कर नशा तस्करों, अवैध शराब माफिया, हथियार रखने वालों और जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 09 नशा तस्कर, 21 शराब तस्कर, 10 अवैध हथियार रखने वाले और 19 जुआरी गिरफ्तार किए गए, जबकि बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध शराब, हथियार और नकदी जब्त की गई।

उत्तर-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने सोमवार को बताया कि यह अभियान संगठित अपराध, नशा तस्करी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ एक सुनियोजित और लक्षित कार्रवाई थी। अचानक की गई छापेमारी से अपराधियों में हड़कंप मच गया और अवैध आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ा है।
पुलिसउपायुक्त के अनुसार ऑपरेशन कवच 12.0 के तहत उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए 345 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में 09 डग्स तस्कर काे गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से इलाके में नशे की आपूर्ति में सक्रिय थे।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर नशे की सप्लाई पर बड़ा असर पड़ा है। इसके अलावा अवैध शराब कारोबार पर भी पुलिस ने बड़ा प्रहार किया। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में 616 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और 21 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह शराब पड़ोसी राज्यों से लाकर उत्तर-पश्चिम जिले में सप्लाई की जा रही थी। वहीं पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने 08 चाकू, 02 देशी पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद कर 10 आरोपिशाें को गिरफ्तार किया। इसी क्रम में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 19 जुआरी पकड़े गए। उनके पास से 52,200 रुपये नकद और जुआ खेलने का सामान बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि जुआ न केवल अपराध को बढ़ावा देता है, बल्कि सामाजिक अशांति का कारण भी बनता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
