दक्षिण दिनाजपुर, 26 जनवरी (हि. स.)। जिले के कूशमंडी ब्लॉक स्थित किसान मंडी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) सुनवाई केंद्र में तृणमूल कांग्रेस की विधायक रेखा राय पर माइक्रो ऑब्ज़र्वर और बीएलओ को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में जिला भाजपा नेतृत्व ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ई-मेल के माध्यम से लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को रोज़ की तरह किसान मंडी स्थित वोटर सहायता केंद्र में एसआईआर की सुनवाई चल रही थी। उसी दौरान स्थानीय तृणमूल विधायक रेखा राय अपने समर्थकों के साथ सुनवाई कक्ष के भीतर मौजूद रहीं।
भाजपा का आरोप है कि विधायक और उनके सहयोगी लंबे समय तक कमरे के अंदर रहकर अधिकारियों पर प्रभाव डालने की कोशिश कर रहे थे। यह जानकारी मिलते ही भाजपा नेता तापन राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता वहां पहुंचे और तीव्र विरोध दर्ज कराया। इस दौरान तृणमूल और भाजपा नेताओं के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक भी हुई।
मामले की जानकारी सामने आते ही केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और बालुरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कड़ा विरोध जताया। वहीं, जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि औपचारिक शिकायत प्राप्त होती है, तो पूरे मामले की जांच की जाएगी।
हालांकि, तृणमूल विधायक रेखा राय ने भाजपा के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही आम लोगों को परेशान कर रही है। उनके मुताबिक, सुनवाई केंद्रों में चुनाव आयोग के प्रतिनिधि के रूप में माइक्रो ऑब्ज़र्वर तैनात रहते हैं और जनप्रतिनिधि होने के नाते यह देखना उनका अधिकार है कि काम सही तरीके से हो रहा है या नहीं। उन्होंने भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार को ही जिले के कुमारगंज ब्लॉक कार्यालय में सुनवाई के दौरान एक माइक्रो ऑब्ज़र्वर के साथ मारपीट का आरोप तृणमूल समर्थकों पर लगा था। उस घटना में पीड़ित माइक्रो ऑब्ज़र्वर ने पुलिस अधीक्षक के पास लिखित शिकायत भी दर्ज कराई थी। उस मामले की गूंज थमने से पहले ही कूशमंडी में एक बार फिर एसआईआर सुनवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
जिला भाजपा सचिव तापन राय ने कहा कि सुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों का अंदर बैठना और अधिकारियों को प्रभावित करना नियमों के खिलाफ है। वहीं, विधायक रेखा राय ने दोहराया कि उनका उद्देश्य केवल जनता की सेवा करना और यह सुनिश्चित करना है कि लाइन में खड़े लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
