रांची, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर साेमवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को लंदन स्थित भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के आवास जाने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस अवसर को मुख्यमंत्री ने अपने लिए बेहद प्रेरणादायी क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माता डॉ अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और विचारों ने भारत जैसे विविधताओं से भरे देश को एक सशक्त और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के समावेशी, सशक्त और समानतामूलक समाज के विचार आज भी सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे मज़बूत आधारशिला हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को केवल बराबरी और अधिकारों का संविधान ही नहीं दिया, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सम्मान, गरिमा और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का अधिकार भी दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी देश के मार्गदर्शक सिद्धांत बने हुए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ अंबेडकर के आवास पर रखी गई गेस्ट बुक में अपने विचार भी अंकित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अंबेडकर म्यूजियम के पदाधिकारी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे
