रायपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। दो सक्रिय मौसम तंत्र के साथ नए पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी सिस्टम के असर से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है।28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों में बारिश और बादल गरजने की संभावना है। वहीं 3 दिन बाद 3 डिग्री तक तापमान लुढ़क सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ 58 डिग्री पूर्व और 20 डिग्री उत्तर में स्थित है. एक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण हरियाणा और उसके आसपास 1.5 कमी से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक फ्रेश पश्चिमी विक्षोभ 30 जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। प्रदेश में आज यानी 27 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 28 और 29 जनवरी को सरगुजा और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में दो से तीन डिग्री न्यूनतम तापमान में गिरावट संभावित है, जबकि प्रदेश के शेष भागों में न्यूनतम में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
