राजौरी, 27 जनवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा इलाके में बीती रात चोरों ने एक शराब ठेके में सेंध लगाने की कोशिश की। अज्ञात चोरों ने ठेके में घुसने के लिए ईंटों की दीवार में छेद कर दिया लेकिन वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

सुबह जब ठेका मालिक दुकान पर पहुंचा तो उसने दीवार टूटी हुई देखी। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार चोर दीवार तोड़कर ठेके के अंदर घुसना चाहते थे लेकिन चोरी को अंजाम देने में असफल रहे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ठेके से कोई शराब या नकदी चोरी हुई है या नहीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से रात की गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA
