भोपाल, 27 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर यूथ कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से बुधवार, 28 जनवरी से इंदौर में ‘जन अधिकार न्याय पदयात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है।

राजधानी भाेपाल में मंगलवार काे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने इंदौर जल त्रासदी को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। इस मौके पर शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष अमित खत्री, रवि परमार और अभिज्ञान शुक्ला भी मौजूद रहे।

यश घनघोरिया ने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में जहरीले पानी से हुई मौतें कोई हादसा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही से हुई हत्याएं हैं। उन्होंने भाजपा सरकार को “नाकारा और असंवेदनशील” बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार सच्चाई छुपाने का प्रयास कर रही है। सरकारी आंकड़े जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाते, जबकि अब भी हजारों लोग प्रभावित हैं और करीब 200 से 250 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि 2 जनवरी को यूथ कांग्रेस ने इंदौर नगर निगम का घेराव किया था, लेकिन इसके बावजूद न सरकार ने और न ही प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया। हाल ही में महू में भी इसी तरह दूषित पानी से लोग बीमार हुए, जहां दर्जनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मंत्रियों की भाषा पर उठाए सवाल
यश घनघोरिया ने सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंत्री और महापौर द्वारा पीड़ितों को लेकर इस्तेमाल की गई भाषा बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक है। ऐसे बयान न केवल पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ हैं।
28 जनवरी से 5 फरवरी तक जन अधिकार न्याय पदयात्रा
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की है कि 28 जनवरी से 5 फरवरी तक प्रदेशव्यापी जन अधिकार न्याय पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा की शुरुआत इंदौर की 9 विधानसभा क्षेत्रों से होगी। यात्रा का शुभारंभ माता अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा माता अहिल्या से मिलती है। इस यात्रा में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कांग्रेस नेता भी शामिल होंगे।
युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें
यश घनघोरिया ने दो टूक कहा कि यह घटना दुर्घटना नहीं, बल्कि सरकार और प्रशासन की सीधी जिम्मेदारी का मामला है। जब जनता टैक्स और जल -कर देती है और बदले में जहरीला पानी मिलता है, तो इसकी जवाबदेही सरकार को लेनी होगी। उन्होंने छिंदवाड़ा में कफ सिरप से नवजात बच्चों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि हालात इतने भयावह हो गए हैं कि अब पानी पीने से पहले भी लोगों को सोचना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि दूषित पानी से जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, दोषियों पर आपराधिक कार्रवाई हो और सुरक्षित जल आपूर्ति की स्थायी व्यवस्था लागू की जाए। संगठन ने साफ किया कि इंदौर के बाद यह आंदोलन पूरे प्रदेश के जिलों तक फैलाया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
