अररिया 27 जनवरी(हि.स.)।जिले के जोगबनी हाई स्कूल के मैदान में प्रशांत क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित अमन मिश्रा मेमोरियल इंडो नेपाल टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का पहला मैच रोमांच से भरा रहा।

मंगलवार को खेले गए मैच में अररिया की टीम ने एमसीसी नेपाल को अंतिम ओवर में एक विकेट से पराजित किया।इससे पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन एसएसबी 56 वीं बटालियन के कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार ने की।मौके पर उभरते हुए क्रिकेटर अमन मिश्रा को याद करते हुए उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पण एवं मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।मौके पर अमन मिश्रा के पिता वरुण मिश्रा और उनकी मां माला मिश्रा भी मौजूद थी।अमन मिश्रा की मौत सड़क हादसे में हो गई थी और वह काफी अच्छा क्रिकेटर था।प्रशांत क्रिकेट क्लब की ओर से वह खेलता था और उनकी स्मृति में क्लब की ओर से इंडो नेपाल टी 20 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है।

मंगलवार को खेले गए उद्घाटन मैच में एमसीसी नेपाल ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।19.4 ओवर में एमसीसी नेपाल ने अपने सभी विकेट खोकर 164 रन बनाए।जिसमें अमित यादव ने महज 33 गेंदों में पांच छक्के और चार चौके की मदद से 57 रनों की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अररिया की टीम 3 गेंद शेष रहते निर्धारित 165 रनों के लक्ष्य को अपने नौ विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।अररिया के खिलाड़ी मो.कैफ को उनके उम्दा प्रदर्शन को लेकर उन्हें अमन मिश्रा की माताजी समाजसेविका माला मिश्रा ने मैन ऑफ़ द मैच का अवॉर्ड प्रदान किया।
मौके पर एसएसबी 56 वीं वाहिनी के कमांडेंट आईपीएस शाश्वत कुमार,मोरंग उद्योग व्यापार संघ के उपाध्यक्ष अनिल साह,जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
टूर्नामेंट के आयोजन में प्रशांत क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष सुशील सिंह उर्फ दारा सिंह,उपाध्यक्ष दिनेश साह,सचिव प्रभात सिंह,मो.असलम,मुन्नीलाल यादव,अजय दूबे उर्फ खुशबू दूबे की सक्रिय भूमिका रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर
