धर्मशाला, 27 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। बदले मौसम के तेवरों के चलते मंगलवार दोपहर बाद से ही पहाड़ों सहित ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है वहीं निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है। ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते कांगड़ा घाटी में भी शीत लहर चल रही है। जिससे आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। ठंड के कारण लोग घरों में ही दुबके हैं तथा लोगों को आग व हीटर का सहारा लेना पड़ा है।

गौरतलब है कि बीते शनिवार को भी करीब तीन माह से अधिक समय के लंबे अंतराल के बाद प्रदेश में मौसम ने करवट ली थी और ऊपरी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई थी वहीं निचले क्षेत्रों में हुई बारिश से सूखे का लंबा दौर खत्म हुआ था।

वहीं मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने रुख बदला और सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और दोपहर बाद धौलाधार की पहाड़ियों में जहां हिमपात शुरू हुआ है वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश होने से किसानों व बागवानों के लिये अच्छी खबर है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
