जौनपुर,27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जनपद में बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास फोरलेन पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवाें काे कब्जे लेकर कार्रवाई की।

बदलापुर कोतवाली प्रभारी शेष कुमार शुक्ला ने बताया कि आज अहिरौली गांव निवासी प्रदीप गौतम पुत्र बबलू गौतम और सुनील पुत्र भगवानदीन निवासी बरौली बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के फोरलेन पर पहुंचे, तभी राज कल्पना नाम की टूरिस्ट बस की चपेट में आ गए। दाेनाें काे बदलापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टराें ने प्रदीप काे मृत घाेषित कर दिया। वहीं गंभीर रुप से घायल सुनील जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर बस चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
