जींद, 27 जनवरी (हि.स.)। गांव बुढाखेड़ा के निकट सोमवार देर रात बाइक सवारों ने दो ज्वैलर्स से दो बैग चांदी के लगभग 20 से 22 किलो ज्वलैरी को लूट लिया गया। सदर थाना सफीदों पुलिस ने ज्वैलर्स की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।

मंगलवार को जानकारी देते हुए श्याम नगर निवासी सन्नी ने बताया कि उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली से चांदी की ज्वलैरी की मार्केटिंग करता है। सोमवार रात वह अपने पार्टनर गांव राजपुरा भैण निवासी संदीप के साथ बाइक पर चांदी की ज्वैलरी लेकर सफीदों, अंसध मार्केटिंग के लिए निकला था। असंध में दर्जनभर दुकानों पर मार्केटिंग करने के बाद उन्होंने सफीदों में मार्केटिंग की। बाइक के टायर में दिक्कत होने के कारण वे काफी लेट हो गए।

देर रात को वे सफीदों से जीद की तरफ आ रहे थे। गांव बुढाखेड़ा के निकट दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवको ने उनकी बाइक को लात मार कर गिरा दिया। जिसमें उन्हें चोटें नही लगी। जिसके बाद आरोपित चांदी के जेवरात से भरे दोनों बैगों को लेकर फरार हो गए। जिसमें 20 से 22 किलोग्राम चांदी बताई जा रही है। जिसके बाद वे पिल्लूखेड़ा पहुंचे और घटना के बारे में अवगत करवाया। बाद में पुलिस ने नाकेबंदी कर तलाशी अभियान भी चलाया लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नही लगा। सदर थाना सफीदों के जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा
