रामगढ़, 27 जनवरी (हि.स.)। जिले के माता वैष्णो देवी मंदिर के 35 वें वर्षगांठ के अवसर पर पंजाबी हिन्दू बिरादरी और माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में मंगलवार को मंदिर परिसर में माता की चौकी सजाई गई।

इस दौरान सजाई गई माता की चौकी में माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एससी वासुदेव और सचिव महेश मारवाह की मौजूदगी में पंडित किशोर शर्मा एवं राजेश पांडेय ने सभी धार्मिक अनुष्ठानों के मुख्य यजमान हर्ष आनंद तथा उनकी पत्नी निशु आनंद को विधिवत पूजन कराया। इसके बाद माता रानी का जयकारा लगाते हुए मुख्य यजमान ने ज्योत प्रज्वलित किया गया। इसके बाद सरोज कुमार लक्खा एंड ग्रुप धनबाद के भजन गायक सदानंद मुखर्जी ने गणेश वंदना से माता की चौकी का शुभारंभ किया।

बाद में ग्रुप के मुख्य गायक सरोज कुमार लक्खा ने मां वेदों ने जो तेरी महिमा कही है सही है सही, प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी, मन की मुराद पूरी कर मां… सहित एक से बढ़कर एक माता रानी का भजन पेश किया। भजनों से सभी श्रद्धालु भक्त जमकर झूमे।
वहीं बुधवार को दो क्वींटल दूध से माता वैष्णो देवी की प्रतिमा का अभिषेक किया जाएगा। वहीं गुरुवार को माता का अटूट भंडारा किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर पंजाबी हिन्दू बिरादरी और माता वैष्णों देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एससी वासुदेव एवं महासचिव महेश मारवाह सहित बिरादरी के सभी सदस्य तैयारी में जुटे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
