रामगढ़, 27 जनवरी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव काे लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद रामगढ़ डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने मंगलवार काे अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता में कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के 32 वार्ड में चुनाव होना है। उन्होंने बताया कि 97698 मतदाता वार्ड पार्षद और नगर परिषद के अध्यक्ष के उम्मीदवार के लिए मतदान करेंगे। गैर-दलीय आधार पर होने वाले इस चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराया जाएगा। यहां पुरुष मतदाता 49,238 और महिला मतदाता 48,460 हैं।

नगर परिषद क्षेत्र में चार प्रखंड का क्षेत्र

नगर परिषद क्षेत्र में चार प्रखंड का क्षेत्र शामिल हैं। मांडू प्रखंड में 30 मतदान केंद्र रामगढ़ प्रखंड में 41 मतदान केंद्र, दुलमी प्रखंड में 3 मतदान केंद्र और पतरातू प्रखंड में 24 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नामांकन फॉर्म 28 जनवरी को उपलब्ध हो जाएगा प्रत्याशी 29 जनवरी से 4 फरवरी तक नामांकन कर सकते हैं। 5 फरवरी को स्क्रुटनी, 6 फरवरी को नाम वापसी होगी । 7 फरवरी को चुनाव चिन्ह आवंटित किया जाएगा। 23 फरवरी को मतदान होगा और 27 फरवरी को मतगणना होगी।
जिला परिषद भवन में होगा नामांकन
नॉमिनेशन फॉर्म जिला परिषद कार्यालय में विभिन्न पदाधिकारियों के कक्षों में वार्डवार निर्धारित कमरों में लिए जाएंगे। जिसमें अपर समाहर्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी की ओर से नाम निर्देशन की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
डीसी ने बताया कि निर्वाचन की घोषणा के साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसका सभी राजनीतिक दल और प्रत्याशियों को सख्ती से पालन करना होगा। सिर्फ नगर परिषद क्षेत्र में ही आचार संहिता के नियम लागू है। रामगढ़ छावनी परिपरिषद क्षेत्र और पंचायत में यह नियम लागू नहीं है।
वहीं इस दौरान एसपी अजय कुमार ने बताया कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा चुका है। नगर निकाय चुनाव के सभी बूथ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। क्षेत्र में भी आदर्श आचार संहिता के नियम का पालन करने के लिए पुलिस अलर्ट रहेगी। जरूरत पड़ने पर मुख्यालय से भी पुलिस फोर्स बुलाई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
