
रामगढ़, 27 जनवरी (हि.स.)। जनपद के डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने मंगलवार को जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक की। इस दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल योजना के तहत अब तक हुए कार्यों की जानकारी पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता से ली। जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो गया है उन्हें तत्काल हैंडोवर करने का निर्देश दिया। डीसी ने वर्तमान में जल जीवन मिशन के माध्यम से आम जनों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। कार्यपालक अभियंता के द्वारा बताया गया कि वर्तमान में जल जीवन मिशन के अंतर्गत रामगढ़ जिले में चार योजनाएं निर्माण अधीन है। जिनके माध्यम से 28480 घरों को जलापूर्ति कनेक्शन उपलब्ध कराया जाना है। इस संबंध में उपायुक्त ने तीव्र गति से कार्य करने एवं जल्द से जल्द योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया।

हर योजना का ले उपयोगिता प्रमाण पत्र

डीसी ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने शत प्रतिशत सरकारी विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं में कार्य करने के दौरान जलापूर्ति कनेक्शन के पाइपलाइन टूट जाने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने एवं जलापूर्ति कनेक्शन की मरम्मती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
