–जिलाधिकारी के सघन निरीक्षण से अधिकारियों-कर्मचारियों में मचा हड़कम्प

प्रतापगढ़, 27 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लालगंज तहसील परिसर में स्थित राजस्व न्यायालय का जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने मंगलवार को निरीक्षण किया। इस दौरान तहसील के सभी पटलों की कार्यप्रणाली अभिलेखों के रख-रखाव, लम्बित मामलों तथा न्यायालयीन कार्यों की स्थिति का परीक्षण, न्यायालय में लम्बित राजस्व पत्रावलियों, भूलेख पटल, खतौनी कक्ष, पट्टा रजिस्टर, आय एवं जाति प्रमाण पत्र पटल, नजारत, रिकॉर्ड रूम एवं न्यायालय से सम्बंधित अभिलेखों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने एसडीएम कोर्ट की राजस्व वाद धारा-76, धारा-38, धारा-116, धारा-176, धारा-133, धारा-80 का निरीक्षण किया। पेशकार की कार्यप्रणाली ठीक नही पायी गयी, फाइलों में प्रार्थना पत्र संलग्न नहीं थे। कई मामलों में लेखपाल के बयान दर्ज हो जाने के बावजूद आदेश टाइप कर महीनों से लम्बित पड़े थे। जबकि कई पत्रावलियों में लेखपाल के हस्ताक्षर तक नहीं पाए गए। इसके अलावा, कई वादों में वादकारियों को अंतिम अवसर दिए जाने के बावजूद भी निर्णय नहीं लिया गया था तथा धारा वार पत्रावलियों का रख-रखाव ठीक नही पाया गया। जिस पर पेशकार रमेश के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी का पूर्व में निरीक्षण निर्धारित था, उसके बावजूद भी उपजिलाधिकारी व तहसीलदार द्वारा निरीक्षण बुकलेट का अवलोकन नहीं किया गया और बगैर अवलोकन के ही निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत कर दिया गया। जिस पर उपजिलाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
उपजिलाधिकारी न्यायिक कोर्ट के निरीक्षण में कमियां मिलने पर पेशकार सुरेन्द्र कुमार के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिये साथ ही उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि समय-समय पर कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करें। अभिलेखागार के निरीक्षण में का निरीक्षण किया जहां कमियां मिलने पर अभिलेखागार प्रभारी महेश चन्द्र तिवारी के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
तहसील के राजस्व कार्यालय का निरीक्षण किया गया पत्रावलियों का रख-रखाव सही न पाये जाने व साफ-सफाई न होने पर आर0आई0 अमृत लाल व राम सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिये गये। तहसीलदार कोर्ट की पत्रावलियाें का निरीक्षण कर तहसीलदार व पेशकार को निर्देशित किया कि जो पत्रावलियॉ लम्बित है उसका निस्तारण समय सीमा के अन्तर्गत किया जाये।
तहसील परिसर में साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया जो कमियां पायी गयी है एक माह के अन्दर दुरूस्त कराकर अवगत करायें। न्यायिक प्रक्रिया में समयबद्धता एवं निष्पक्षता बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का नैतिक और प्रशासनिक दायित्व है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी
