रीवा, 27 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मझिगवां गांव में तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे में घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क से उतरते हुए सीधे घर की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाहर बैठे युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतक की पहचान मोहम्मद कमरुद्दीन पुत्र अब्दुल गनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को संजय गांधी अस्पताल रेफर
हादसे में घायल बोलेरो सवारों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
