गोरखपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत लगभग 2 लाख 83 हजार परिवारों को नोटिस जारी किए गए हैं। ये नोटिस उन मतदाताओं को भेजे गए हैं, जो अपने पुराने पते से कहीं और स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज पाए गए हैं।

इस संबंध में एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने आज बताया कि सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत किसी भी मतदाता को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं की समस्याओं का समाधान तहसील सभागार में नियुक्त पीठासीन अधिकारियों द्वारा तत्काल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता पहले दो स्थानों पर पंजीकृत था और उसने एक स्थान से एसआईआर भर दिया है, तो दूसरी जगह से आए नोटिस का जवाब वह स्वयं या अपने किसी पारिवारिक सदस्य के माध्यम से भी दे सकता है।

एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि नोटिस का जवाब नहीं दिया जाता है, तब भी मतदाता का नाम पूरी तरह से नहीं कटेगा, बल्कि केवल एक स्थान से नाम हटेगा और जहां से एसआईआर का फॉर्म भरा गया है, वहां नाम सुरक्षित रहेगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी समस्या की स्थिति में सीधे तहसील सभागार पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
