रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। झारखंड माइनिंग एंड कंस्ट्रक्शन शो 2026 का आयोजन ओलंपिया एग्जिबिशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 29 जनवरी से 31 जनवरी धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में किया जाएगा। यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी झारखंड में दूसरी बार आयोजित हो रही है।

आयोजन समिति के लोकेश चौधरी और एसके त्रिपाठी ने मंगलवार को बताया कि यह प्रदर्शनी माइनिंग, मिनरल्स, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, पावर, स्टील, सीमेंट और उनसे जुड़े सहायक उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। प्रदर्शनी में देश-विदेश की 100 से अधिक अग्रणी कंपनियां अपनी नवीनतम मशीनरी, तकनीक और औद्योगिक समाधान प्रदर्शित करेंगी।

लोकेश चौधरी ने बताया कि प्रदर्शनी के दौरान बी2बी मीटिंग्स, तकनीकी सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और नेटवर्किंग सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिससे उद्योग जगत के विभिन्न हितधारकों को आपस में जुड़ने का अवसर मिलेगा।
एसके त्रिपाठी ने कहा कि इस शो का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी कंपनियों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में कोल इंडिया की अनुषंगी इकाई सीसीएल, सीएमपीडीआई, झारखंड सरकार का खान और भूविज्ञान विभाग, मेकॉन सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
