अनूपपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में अदाणी ग्रुप की थर्मल पावर एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड अनूपपुर के लिए प्रस्तावित रेल कॉरिडोर परियोजना के विरोध में मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य रामजी रिंकू मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों किसान प्रभावित ग्रामों के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय अनूपपुर पहुंच कर कलेक्टर से मुलाकात कर मुआवजा और रोजगार के संबंध में अपनी मांगें रखीं।

किसानों ने कलेक्टर को बताया कि थर्मल एनर्जी अनूपपुर की ओर से रेल कॉरिडोर के लिए 8 ग्रामों में कटकोना, बैहाटोला, मैनटोला, डोंगरियाखुर्द, भांठाडांड, कोरयाखुर्द, कोठी और तरसीली की भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। इन ग्रामों के किसानों की पुश्तैनी भूमि प्रभावित हो रही है, जिससे उनका जीविकोपार्जन होता है।

किसानों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसान अपनी पुश्तैनी भूमि से हमेशा के लिए वंचित और बेदखल हो जाएंगे, जिससे उनके जीविकोपार्जन का जरिया खत्म हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इन गांवों की जमीन विशिष्ट ग्राम की श्रेणी में आती है।
चार गुना अधिक मुआवजे देने की मांग
किसानों ने मांग की है कि पिछले तीन साल के सर्वाधिक औसत विक्रय मूल्य के आधार पर 12 डिसमिल तक की भूमि का वर्ग मीटर की दर से और शेष भूमि का कृषि भूमि की दर से मूल्यांकन कर चार गुना मुआवजा दिया जाए। इसके अतिरिक्त, पेड़-पौधे, कुआं, मकान, तालाब और अन्य परिसंपत्तियों का भी मुआवजा दिया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला
