इटानगर, 27 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नाटुंग ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश स्वदेशी युवा संगठन (एपीयो) द्वारा अवैध घुसपैठियों और मस्जिद-मदरसा आदि के अवैध निर्माण से संबंधित मांगों के जवाब में राज्य सरकार नियमों के अनुसार काम कर रही है।

उन्होंने एपीयो द्वारा 31 जनवरी को इटानगर से नई दिल्ली तक होने वाले पदयात्रा के बारे में मीडिया द्वारा पूछे गये प्रश्न के उत्तर में कही। एपीयो के अध्यक्ष तारो सोनम लियाक के नेतृत्व में होने वाली इस पदयात्रा का उद्देश्य कथित अवैध निर्माणों, अवैध अप्रवासन और राज्य सरकार की ओर से संगठन द्वारा बताई जा रही निरंतर निष्क्रियता के प्रति चिंताओं को उजागर करना है।

इसे एक शांतिपूर्ण और प्रतीकात्मक आंदोलन बताते हुए, एपीयो का कहना है कि यह पदयात्रा अरुणाचल प्रदेश के स्वदेशी लोगों की भूमि, पहचान और अधिकारों की रक्षा करने और केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग करने के लिए है।
नाटुंग ने कहा कि अवैध अप्रवासियों की समस्या केवल अरुणाचल प्रदेश तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में फैली हुई है। केंद्र और राज्य सरकारें इस पर गंभीर हैं और इस पर काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व में सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और सभी जिला प्रशासनों को अवैध अप्रवासन पर कड़ी रोक लगाने का निर्देश दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
