अलीपुरद्वार, 27 जनवरी (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर बंगाल में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बिप्लब देव ने मंगलवार को जिले के फालाकाटा के थ्री माइल में आयोजित भाजपा की ‘परिवर्तन सभा’ को संबोधित किया। मंच से उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और पुलिस एवं स्थानीय नेताओं को कड़ी चेतावनी दी।

उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए बिप्लब देव ने कहा कि मैं भी त्रिपुरा का मुख्यमंत्री रहा हूं। मेरे भी भाई-बहनों के बच्चे हैं, लेकिन क्या किसी को मेरे भतीजे का नाम पता है? पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री का भतीजा इतना बड़ा नेता है कि उसके गुजरते वक्त पंछी भी नहीं उड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भतीजा कोयला, बालू, पत्थर खाता है और कटमनी लेता है।

बिप्लब देव ने कहा कि 2011 से पहले ममता बनर्जी जमीन की ओर देखती थी, अब वह सिर्फ ऊपर की ओर देखती है। आम लोगों की ओर देखने का उनके पास समय नहीं है।
शिक्षक भर्ती घोटाले और पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जानकारी के बिना इतना बड़ा भ्रष्टाचार हुआ हो यह कोई मानने वाला नहीं है। उन्होंने राज्य की महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की है।
———
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
