रांची, 27 जनवरी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव के तहत रांची नगरपालिका के लिए रांची के विभिन्न वार्डों में 23 फरवरी को मतदान होगा। यह जानकारी रांची के उपविकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ कुमार भुवनिया ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित जी-14 में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

इस दौरान डीडीसी रांची नगर निगम और नगर पंचायत बुड़ू क्षेत्र में होनेवाले चुनाव की भी जानकारी दी।

डीडीसी ने कहा कि चुनाव को अभ्यर्थी 29 जनवरी 2026 से 04 फरवरी (सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक) नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की समीक्षा 05 फरवरी और नाम वापसी की तिथि 06 फरवरी है।
वहीं चुनाव चिन्ह का आवंटन 07 फरवरी को किया जायेगा, जबकि मतदान 23 फरवरी (सुबह 07बजे से शाम 05 बजे तक) होगा। वहीं वोटों की गिनती 27 फरवरी को (सुबह 08 बजे से) होगी।
मौके पर डीडीसी ने बताया कि रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कुल 53 वार्ड हैं। इसके लिए कुल 909 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 808 मुख्य मतदान केंद्र एवं 101 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं।
वहीं नगर पंचायत बुड़ू क्षेत्र में कुल 13 वार्ड हैं। यहां कुल 16 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। नगर पंचायत बुड़ू में कुल मतदाताओं की संख्या 16,625 है, जिसमें 8,168 पुरुष एवं 8,457 महिला मतदाता शामिल हैं। संवेदनशीलता के आधार पर यहां 15 सामान्य एवं 1 संवेदनशील मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। नगर पंचायत बुड़ू में कुल 13 मतदान केंद्र भवन चिन्हित किए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
