जोधपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। रेलवे एम्पलॉइज को-ऑपरेटिव बैंकिंग सोसायटी लिमिटेड जोधपुर की ओर से मेधावी प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आज स्टेट 2 बंगला रेलवे वर्कशॉप के पास आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 114 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। समारोह में बैंक से जुड़े अंशधारियों के होनहार विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज कुमार परिहार ने बताया कि बैंक की स्थापना 17 नवंबर 1919 को एक क्रेडिट सोसायटी के रूप में हुई थी।

बैंक ने अपने सौ वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और वर्तमान में यह मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव एक्ट एवं नियमों के अंतर्गत कार्यरत है। गत 18 मार्च 2002 को बैंक को भारतीय रिज़र्व बैंक से बैंकिंग लाइसेंस प्राप्त हुआ। बैंक द्वारा ग्राहकों को 24 घंटे वेबसाइट के माध्यम से जानकारी, एटीएम सुविधा, ई-कॉमर्स तथा एसएमएस अलर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
कार्यक्रम में प्रोफेशनल कोर्स, डिग्री, उच्च डिग्री या डिप्लोमा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डेढ़ हजार रुपए, चांदी का मेडल एवं प्रशंसा पत्र, कक्षा 10वीं व 12वीं में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक हजार रुपए, चांदी का मेडल एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
समारोह की अध्यक्षता एनडब्ल्यूआरईयू के महामंत्री मुकेश माथुर ने की तथा मुख्य अतिथि उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी थे। समारोह में बैंक के चेयरमैन कौशल कुमार, वाइस चेयरमैन अशोक सिंह, संचालक मण्डल सदस्य, डेलीगेट, अंशधारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
