
सारण, 28 जनवरी (हि.स.)। जिले के पुलिस विभाग में अनुशासन को सुदृढ़ करने और पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा पुलिस केंद्र में लाइन-डे का आयोजन किया गया।

इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच कार्यकुशलता को बढ़ाना और उनके मानसिक तनाव को कम करना रहा। इस आयोजन के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने स्वयं पुलिस केंद्र में उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति दर्ज की।

उन्होंने पुलिसकर्मियों के अनुशासन उनकी वर्दी और दैनिक कार्य निष्पादन की बारीकी से समीक्षा की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल की छवि उनके अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से बनती है, जिसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
लाइन-डे की सबसे खास बात पुलिसकर्मियों की समस्याओं का मानवीय दृष्टिकोण से समाधान करना रहा। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय शिकायतों को सुना। कई मामलों में मानवीय आधार पर पुलिसकर्मियों की जरूरतों को देखते हुए उन्हें मौके पर ही अवकाश प्रदान किया गया, जिससे पुलिस बल के मनोबल में वृद्धि देखी गई।
पुलिसकर्मियों की समस्याओं के निरंतर समाधान के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि अब प्रत्येक बुधवार और शनिवार को पुलिस लाइन में नियमित रूप से ‘लाइन-डे’ का आयोजन किया जाएगा।सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इस आयोजन में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। इस माध्यम से हर पुलिसकर्मी की बात सुनी जा सकेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
