फरीदाबाद, 28 जनवरी (हि.स.)। डिजिटल अरेस्ट कर लाखों रुपए की ठगी मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने बुधवार को खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एनआईटी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि पिछले दिनों उसके व्हॉट्सएप पर एक अंजान नंबर से कॉल आया। जिसने अपने आप को पंजाब पुलिस का इंस्पेक्टर बताया और कहा कि शिकायतकर्ता का आधार कार्ड आतंकवादी गतिविधियों में प्रयोग हुआ है। फिर वीडियो कॉल कर उसको व उसकी पत्नी को कही भी बाहर न जाने को कहा तथा अगले दिन उसी नंबर से फिर कॉल आया। जिसने एटीएस एप डाउनलॉड करवाया, एप पर एटीएस डिपार्टमेंट का लोगो लगा था। फिर ठगो द्वारा एप में शिकायतकर्ता की अकाउंट डिटेल्स भरवा ली तथा आरटीजीएस के माध्यम से अलग-अलग ट्रॉजेक्सन में आठ लाख 93 हजार रुपए रुपये ट्रांसफर करवा लिये। जिस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने परमार भावेश हरखाभाई (24) निवासी जिला सुरेंद्रनगर गुजरात को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी परमार खाताधारक है, जिसने अपना खाता आगे ठगो को दिया था। आरोपी कारपेंटर का काम करता है। खाते में ठगी के आठ लाख 93 हजार आये थे। आरोपी को आज अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

