लखनऊ, 28 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी/राहत आयुक्त डाॅ. हृशिकेष भास्कर यशोद ने प्रदेश के नगर निगम क्षेत्रों के अंतर्गत घटित विभिन्न आपदाओं से होने वाली क्षतियों को लेकर प्रशिक्षण के निर्देश दिए हैं। इस सम्बंध में बुधवार को उन्होंने आपदाओं के न्यूनीकृत करने एवं त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए उप्र राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के माध्यम से जनपद स्तर पर नगर निगम के कार्मिकों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया है।


अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन से सम्बंधित विभिन्न गतिविधियों के कुशल संचालन में सहयोग प्रदान करने एवं नगरीय समुदाय को सशक्त किये जाने के उद्देश्य से नगर निगम के कार्मिकों को आपदा मित्र प्रशिक्षण प्रदान कर प्रथम प्रतिक्रिया कर्ता के रूप में तैयार किया जायेगा। इससे आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा किसी भी आपात-आपदा की स्थिति के दौरान प्रथम प्रतिक्रिया कर्ता के रूप में सहयोग प्रदान किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा प्रदेश के समस्त 17 नगर निगमों आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी, फिरोजाबाद के 100-100 कार्मिक को कुल 1,700 कार्मिकों को आपदा मित्र के रूप में 12 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान कर 1-1 इमरजेन्सी रेस्पान्डर किट उपलब्ध कराया जायेगा।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा नगर निगम के कार्मिकों के साथ ही नागरिक सुरक्षा विभाग के सक्रिय वार्डन-स्वयंसेवकों को आपदा मित्र का प्रशिक्षण प्रदान कर प्रथम प्रतिक्रिया कर्ता के रूप में तैयार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थापित नागरिक सुरक्षा विभाग के 7500 सक्रिय वार्डन-स्वयंसेवकों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली कि निर्धारित मानकों के अनुरूप होगा। उन्होंने आपदा मित्र के अंतर्गत वाॅलन्टियर्स का चयन किये जाने के लिए अनिवार्य अर्हताएं एवं निर्धारित मानक का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि आपदा मित्र का प्रशिक्षण होना जरूरी है, इससे आपदा के समय प्रभावित जन को तत्काल सहायता मिल पायेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा
