ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान खरीद : किसान बृजलाल राठिया

कोरबा 28 जनवरी(हि. स.)। कोरबा विकासखण्ड के केराकछार ग्राम के प्रगतिशील किसान बृजलाल राठिया के लिए इस वर्ष की धान खरीद एक सकारात्मक और सहज अनुभव रही। शासन द्वारा लागू की गई त्वरित, पारदर्शी व ऑनलाइन टोकन आधारित धान खरीदी व्यवस्था ने उन्हें समय पर, बिना परेशानी के अपनी उपज बेचने का अवसर प्रदान किया।

आज बुधवार काे राठिया ने कोरकोमा उपार्जन समिति में 100 क्विंटल धान का विक्रय किया। यह इस खरीद सत्र में उनका दूसरा चरण का विक्रय है। इससे पूर्व वे 80 क्विंटल धान समिति में विक्रय कर चुके हैं। इस प्रकार इस खरीद सत्र में अब तक वे कुल 180 क्विंटल धान शासन को विक्रय कर चुके हैं। उनके पास कुल 12 एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें वे परिश्रमपूर्वक धान की खेती करते हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने 205 क्विंटल धान का सफल विक्रय किया था।
बृजलाल राठिया बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन मिलने से पहले जहां अनिश्चितता बनी रहती थी, वहीं अब तय तारीख पर धान खरीद होने से न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि मेहनत की सही कीमत मिलने का भरोसा भी मिला है। समिति में धान की तौल, पंजीयन और खरीद की पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं किसान अनुकूल रही।
यह व्यवस्था किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शासन की मंशा के अनुरूप धान खरीद प्रणाली अब किसान-हित में अधिक सुगम, पारदर्शी और विश्वासपूर्ण बन रही है, जिससे किसान अपने श्रम का उचित मूल्य प्राप्त कर पा रहे हैं और भविष्य के प्रति आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
