रामगढ़, 28 जनवरी (हि.स.)। जिले में महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने छापेमारी कर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया युवक रामगढ़ के पंजाबी मोहल्ला निवासी आशीष कुमार सिंह है। महाराष्ट्र पुलिस ने रामगढ़ पुलिस की सहायता से आरोपित युवक को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और उसे थाने ले आई। आरोपित से पूछताछ के दौरान पता चला कि आशीष कुमार सिंह और उसकी टीम में शामिल लोगों ने मिलकर महाराष्ट्र के ठाणे शहर में संचालित होने वाले आयरिश बीपीओ सॉल्यूशन कंपनी से लगभग 80 लाख रुपए की ठगी की है। उन लोगों ने ठगी की गई रकम को तत्काल देश के विभिन्न इलाके में भेज दिया, ताकि भेजी गई रकम को बरामद नहीं किया जा सके। रामगढ़ पहुंची महाराष्ट्र राज्य की ठाणे शहर की पुलिस ने बताया कि आयरिश बीपीओ सॉल्यूशन कंपनी को झांसा देकर दो किस्तों में 79 लाख 42 हजार रुपए की ठगी की गई थी।
बैंक ऑफ़ इंडिया और फाइनेंस बैंक में भेजे पैसे
बैंक ऑफ़ इंडिया में लालू जोशी के नाम पर खुले अकाउंट में 29 लाख 60 हजार 501 रुपए भेजे गए थे। इसके बाद रामगढ़ जिले के आशीष कुमार सिंह के नाम पर फाइनेंस बैंक ऑफ जनता बैंक के खाते में 49 लाख 81 हजार 506 रुपए भेजे गए।
गिरफ्तार होने के बाद आशीष कुमार सिंह ने पुलिस के समक्ष सारे राज खोल दिए। उसने बताया कि साइबर ठगी के बाद उसके खाते में 49 लाख 81 हजार 506 रुपए आए थे। उसने तत्काल उस रकम को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उड़ीसा राज्य में खोले गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया। वर्तमान समय में उसके बैंक खाते में 15 लाख रुपए मौजूद हैं। जिसे पुलिस के निर्देश के बाद ब्लॉक कर दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
