आगरमालवा, 28 जनवरी (हि.स.)। आगरमालवा जिला न्यायालय

परिसर में बुधवार दोपहर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दरअसल, दोनों पक्ष पेशी

पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों गुटों में कहासुनी हो गई, जाे बाद में हाथापाई में बदल
गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं और उनके बीच जमीन को लेकर
पुराना विवाद चल रहा है। घटना के बाद न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल
बन गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के ग्राम भादवा निवासी बहादुर उम्र 32
और गोविंद सिंह उम्र 35, दोनों पुत्र बनेसिंह राजपूत का राजेंद्र सिंह उम्र 35 और ईश्वर
सिंह उम्र 55, दोनों के साथ जमीन विवाद है। दोनों पक्ष पेशी के लिए न्यायालय पहुंचे
थे, जहां किसी बात पर विवाद शुरू हुआ और गाली-गलौज के बाद हाथापाई में बदल गया। मारपीट
के दौरान दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत
हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। कुछ अधिवक्ताओं ने भी स्थिति
को शांत करने में सहयोग किया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।
अतिरिक्त बल की सहायता से दोनों पक्षों को नियंत्रित किया गया और मारपीट में शामिल
लोगों को कोतवाली थाने ले जाया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/रीतेश शर्मा
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा
