रामगढ़, 28 जनवरी (हि.स.)। जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में सरस्वती विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर पुलिस की ओर से डीजे जब्त किए जाने और लाठीचार्ज की घटना को लेकर हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश देखा गया। इस मामले पर बुधवार को विभिन्न संगठनों ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रशासन और सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।

हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज करना और डीजे जब्त करना सनातन संस्कृति पर कुठाराघात है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार के दबाव में रामगढ़ पुलिस की ओर से की गई एकतरफा कार्रवाई के बाद 14 युवकों की गिरफ्तारी से माहौल और अधिक खराब हो सकता है।

दीपक मिश्रा ने प्रशासन से आग्रह करते हुए कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के गिरफ्तार किए गए सभी निर्दोष युवकों को अविलंब रिहा किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो इसका विरोध कई जिलों में फैल सकता है, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस और सरकार की होगी।
वहीं हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष सत्यजीत चौधरी ने कहा कि शुकरीगढ़ा में सरस्वती पूजन के बाद विसर्जन का रूट और स्थान वर्षों से तय है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से विसर्जन जुलूस को परंपरागत मार्ग से जाने से रोके जाने का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की, जो निंंदनीय है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
