शिमला, 29 जनवरी (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के कुपवी बाजार में पास लेने को लेकर दो गाड़ियों के चालकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। इसके आधार पर थाना कुपवी में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम एक अधिकारी ड्यूटी के बाद निजी तौर पर हायर की गई गाड़ी से अपने घर जा रहे थे। अधिकारी को उनके आवास पर छोड़ने के बाद गाड़ी का चालक अनिल कुमार, निवासी गांव धार, डाकघर चरोली, अपने क्वार्टर लौट रहा था। इसी दौरान कुपवी के लोअर बाजार में सामने से आ रही एक ऑल्टो कार के साथ पास लेने को लेकर स्थिति बनी। अनिल कुमार का आरोप है कि गाड़ी हटाने को लेकर कहने पर ऑल्टो कार में सवार चार-पांच लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, रास्ता रोका, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में सोहन और कमल निवासी कुपवी के नाम सामने आए हैं।

वहीं, दूसरी ओर से ऑल्टो कार चालक कमल निवासी कुपवी ने भी पुलिस को शिकायत दी है। कमल चंद का कहना है कि बुधवार शाम करीब छह बजे वह अपनी ऑल्टो कार के साथ कुपवी बाजार में थे। आरोप है कि दूसरी गाड़ी के चालक अनिल कुमार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह भयभीत हो गए।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर थाना कुपवी में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। अनिल कुमार की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं 126(2), 115(2), 351(2), 352, 191(2) और 190 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, कमल की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं 126(2), 115(2), 352 और 351(2) के तहत केस दर्ज हुआ है।
पुलिस का कहना है कि क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
