यमुनानगर, 29 जनवरी (हि.स.) यमुनानगर जिले में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि एक सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक की जान चली गई। हादसा खिजराबाद क्षेत्र के समीप हुआ, जहां 27 वर्षीय ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में ट्रक की सीट पर अचेत मिला। सिर में गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत अत्यंत नाजुक बताई गई।

घायल चालक को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद आदिल के रूप में हुई है। बताया गया है कि आदिल का विवाह एक वर्ष से भी कम समय पूर्व हुआ था और अगले माह फरवरी में उसकी शादी की पहली सालगिरह आने वाली थी।

मृतक के चाचा नफीस ने बताया कि मोहम्मद आदिल लंबे समय से ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था और काम के सिलसिले में बाहर रहकर परिवहन कार्य करता था।
बुधवार रात वह माल लोड कर अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना हुआ था। देर रात्रि एक परिचित व्यक्ति ने खिजराबाद के पास सड़क किनारे ट्रक को खड़ा देखा। मौके पर पुलिस टीम और कुछ स्थानीय लोग मौजूद थे। जब ट्रक के केबिन में झांककर देखा गया तो आदिल चालक सीट पर बेहोश अवस्था में पड़ा था। उसके सिर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था, जबकि ट्रक के पास एक बड़ी लकड़ी पड़ी मिली। परिजनों ने आशंका जताई है कि हादसा लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण हुआ। संभव है कि सड़क पर चल रही ट्रॉली से बाहर निकली लंबी लकड़ी ट्रक के चालक साइड के केबिन में घुस गई हो, जिससे आदिल के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
