फतेहाबाद, 29 जनवरी (हि.स.)। मेडिकल नशे की तस्करी करने वालों की धरपकड़ करते हुए सीआईए फतेहाबाद पुलिस टीम ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से काफी मात्रा में नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान फतेहाबाद निवासी गुरजंट सिंह के रूप में हुई है। गुरूवार को सीआईए फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसआई सुखविंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुसाअली से बनावाली रोड पर खेत ढाणी सतपाल सिंह के सामने दबिश दी गई। इस दौरान एक युवक पुलिस वाहन को देखकर खेतों की ओर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस टीम ने युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके पास से 100 नशीली गोलियां तथा 120 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत कॉमर्शियल श्रेणी में आते हैं। इस संबंध में थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

