जम्मू, 29 जनवरी(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।

बिलावर के धार डुगनू गांव के रहने वाले बिट्टू राम का शव पिछले साल 9 अक्टूबर को एक नाले में मिला था। पुलिस ने कहा कि पीड़ित के चेहरे और अंगों पर कई चोटें थीं साथ ही गर्दन पर भी चोट का निशान था।घटना के बाद मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने अपराध स्थल की वैज्ञानिक जांच की और कई चीजें जब्त कीं।

जांच के दौरान पुलिस ने सबूत इकट्ठा किए और पीड़ित की पत्नी सिमरो देवी को मुख्य संदिग्ध के रूप में पहचानने से पहले कई संदिग्धों से पूछताछ कीl
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में शामिल होने की बात कबूल कर ली। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि उसने खुलासा किया कि उसके अवैध संबंध थे जिसके कारण उसके पति के साथ अक्सर झगड़े होते थे और तनावपूर्ण संबंध थे।
प्रवक्ता ने कहा कि महिला ने इन विवादों के कारण अपने पति की रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की। जांच के दौरान अपराध से संबंधित प्रासंगिक बरामदगी की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता
