शिमला, 29 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वित्त विभाग ने आम जनता, उद्योग, व्यापार और किसान संघों सहित सभी हितधारकों से बजट के लिए सुझाव आमंत्रित किए हैं। सरकार ने इसके लिए एक विशेष वैबपोर्टल भी लॉन्च किया है। इससे लोग सीधे अपने सुझाव भेज सकते हैं।

वित्त विभाग के प्रवक्ता ने गुरूवार को बताया कि यह बजट “जन-केंद्रित और सहभागितापूर्ण” होगा और इसमें समाज के विभिन्न वर्गों के विचारों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुझाव किसी भी विषय पर दिए जा सकते हैं, जिनमें संसाधन बढ़ाने, व्यय नियंत्रण, नए योजनाओं की शुरुआत, आम जनता को सेवाओं में सुधार और गरीब वर्ग को लाभ पहुंचाने वाले कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा स्वरोजगार और रोजगार के अवसर बढ़ाने वाले सुझाव भी स्वीकार किए जाएंगे।

सुझाव ई-मेल के माध्यम से या पत्र के जरिए भी भेजे जा सकते हैं। इसके लिए लोग 10 फरवरी, 2026 तक वित्त विभाग के पोर्टल या प्रधान सचिव (वित्त), हिमाचल प्रदेश सरकार, कमरा नंबर ए-216, अर्मडेल भवन, हिमाचल प्रदेश सचिवालय, शिमला को पत्र भेज सकते हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस बार भी वित्त मंत्री के तौर पर लगातार चौथा बजट पेश करेंगे। बजट सत्र मार्च में आयोजित किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
