मुंबई, 29 जनवरी (हि.स.)। एनसीपी (शरद पवार) और एनसीपी (अजित पवार) के एक साथ होने के कोशिशें तेज हो गई हैं। एनसीपी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बारामती में एक इशारा करने वाला बयान दिया है कि हमारा रास्ता दोनों राष्ट्रवादियों के एक साथ लाने का होगा।

उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार को बारामती में अंतिम संस्कार किया गया. जहां पवार परिवार शोक में है, वहीं अजित पवार के जाने से उनके उत्तराधिकारी को लेकर मंथन जारी है। राजनीतिक गलियारों में सबकी निगाहें टिकी हुई हैं कि आने वाले समय में अजित गुट की दिशा, फैसले लेने का प्रोसेस और राजनीतिक स्ट्रैटेजी क्या होगी। क्या दोनों गुट फिर से एक साथ आएंगे, यह सवाल एक बार फिर चर्चा विषय बना हुआ है।

शशिकांत शिंदे ने इस बारे में अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब सच बोलना जरूरी है। अजित पवार ने खुद कहा था कि मनपा चुनाव के बाद दोनों एनसीपी एक साथ आएंगी। इस बारे में कुछ मीटिंग भी हुईं। इसलिए हमारा आगे का रास्ता भी उसी तरफ होगा। इससे पहले अजित पवार ने भी एक जनसभा में दोनों दलों के एक साथ आने का संकेत दिया था। आगामी दिनों में असल में दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता क्या फैसला लेते हैं, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
